April 27, 2026

बीकानेर प्रेस क्लब के भवन हेतु भूखंड देने की मांग तेज, पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन

0
IMG_20260427_181627.jpg

जयपुर से आये नगरीय विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता को दिया ज्ञापन

बीकानेर // शहर के पत्रकारों के प्रमुख संगठन बीकानेर प्रेस क्लब के लिए स्थायी भवन की मांग एक बार फिर जोर पकड़ गई है। सोमवार को प्रेस क्लब अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया व जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) की बीकानेर इकाई के जिला अध्यक्ष प्रमोद आचार्य के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर से आये नगरीय विकास विभाग के अति मुख्य सचिव आलोक गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रेस क्लब के लिए शीघ्र भूखंड आवंटित करने और तब तक अस्थायी रूप से किसी सरकारी भवन की व्यवस्था करने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि बीकानेर प्रेस क्लब लंबे समय से अपने निजी भवन के अभाव में काम करने को मजबूर है। पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा क्राउन पार्क में क्लब के लिए पुराना भवन आवंटित किया गया था, लेकिन बाद में यह आवंटन निरस्त हो गया, जिससे क्लब फिर से भवनहीन हो गया। ऐसे में पत्रकारों को अपनी गतिविधियां संचालित करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पत्रकारों ने मांग की कि प्रेस क्लब के सुचारू संचालन और पत्रकारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जल्द से जल्द उपयुक्त भूखंड आवंटित किया जाए, ताकि क्लब अपना स्वतंत्र भवन बना सके। साथ ही, जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक बीकानेर विकास प्राधिकरण के माध्यम से किसी खाली सरकारी भवन को अस्थायी तौर पर उपलब्ध कराया जाए।

इस दौरान बीकानेर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष जय नारायण बिस्सा, वरिष्ठ पत्रकार रमेश बिस्सा, राजेश छंगाणी, गिरिराज भादानी, नरेश मारू, निखिल स्वामी, मोहम्मद अली पठान, दिनेश जोशी, नौशाद अली, अजीम भुट्टा और आरसी सिरोही सहित अनेक पत्रकार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *